Brief By Newsbrief / 6:53 PM on 02 Nov 2026
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार को एक निजी क्लीनिक में मोबाइल फोन अचानक फटने से अफरा-तफरी मच गई. घटना थाटीपुर इलाके में चौहान प्याऊ के पास स्थित दृष्टि क्लीनिक की बताई जा रही है. रिपोर्टों के मुताबिक, एक मरीज डॉ. आशुतोष शर्मा से परामर्श लेने के लिए क्लीनिक पहुंचा था और वेटिंग एरिया में अपनी बारी का इंतजार कर रहा था. इसी दौरान उसके हाथ में मौजूद मोबाइल से पहले धुआं निकला और फिर उसमें आग लग गई.
अचानक हुए धमाके और आग की लपटों से वहां मौजूद मरीज और उनके परिजन घबरा गए. कुछ लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागे. क्लीनिक कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जलते मोबाइल पर पानी डालकर आग बुझा दी. इससे आग आसपास फैलने से रुक गई. राहत की बात रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
पूरी घटना क्लीनिक में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई. मोबाइल में आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है. बैटरी में खराबी या ओवरहीटिंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है.