Brief By Newsbrief / 4:56 PM on 02 Nov 2026
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सोमवार को निर्माणाधीन खाटू श्याम मंदिर में बड़ा हादसा हो गया. कंधरापुर कोतवाली क्षेत्र के देवखरी भंवरनाथ मंदिर के पास मंदिर की छत की ढलाई का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक लिंटर भरभराकर नीचे गिर गया. हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में चीख-पुकार शुरू हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मलबे के नीचे कई मजदूरों और अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है. मलबे से निकाले गए लोगों में कम से कम दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है.
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, दमकल विभाग और राहत दल मौके पर पहुंच गए. प्रशासन की निगरानी में मलबा हटाने और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान जारी है. फिलहाल हादसे में हताहतों की कुल संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है.