Brief By Jagran.com / 6:27 PM on 24 Aug 2026
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली में 5 सितंबर को युवा मार्च निकालने का ऐलान किया है. पार्टी का आरोप है कि जुलाई में हुए आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार की ओर से किए गए आश्वासनों को अब तक पूरा नहीं किया गया है. CJP की नेशनल वर्किंग कमेटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया कि यह मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली स्थित पुलिस हेडक्वार्टर तक जाएगा. संगठन के मुताबिक, मार्च की अगुवाई NEET से जुड़े आंदोलन में कथित तौर पर मारे गए पीड़ितों और पुलिस कार्रवाई से प्रभावित लोगों के परिवार करेंगे. इसमें छात्रों और विभिन्न युवा संगठनों के शामिल होने की भी उम्मीद जताई गई है. पार्टी ने इसे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन बताया है और कहा है कि सरकार पर अपने वादे पूरे करने के लिए दबाव बनाया जाएगा.
CJP ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि 25 जुलाई को युवाओं, छात्रों और प्रदर्शनकारियों से किए गए वादों को पूरा करने में लगातार देरी की जा रही है. पार्टी ने विशेष रूप से आंदोलन के दौरान छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने से जुड़े आश्वासनों का मुद्दा उठाया है. CJP की नेशनल वर्किंग कमेटी का कहना है कि सरकार की ओर से लगातार टालमटोल किए जाने के कारण दोबारा शांतिपूर्ण तरीके से लामबंद होने का फैसला लिया गया है. पार्टी ने दावा किया कि सरकार के रवैये से यह सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या वह अपने आश्वासनों को वास्तव में लागू करना चाहती है. संगठन ने यह भी कहा कि स्पष्ट निर्णय नहीं होने के कारण छात्रों और प्रदर्शनकारियों में असंतोष बढ़ रहा है.
अपने बयान में CJP ने सुप्रीम कोर्ट में चल रही कार्यवाही का भी जिक्र किया है. पार्टी के मुताबिक, 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने देशभर में दर्ज FIR की सूची मांगी थी, ताकि इन मामलों पर एक साथ विचार किया जा सके. CJP का आरोप है कि इसके बावजूद सरकार की ओर से FIR वापस लेने को लेकर कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया गया है. पार्टी ने कहा कि सरकार को आंदोलन से जुड़े मामलों में पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए और अपने पुराने वादों को पूरा करना चाहिए. अब 5 सितंबर को प्रस्तावित युवा मार्च को लेकर दिल्ली में सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों पर भी नजर रहेगी.