Brief By Jagran.com / 6:07 PM on 24 Aug 2026
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या में मछली भोज को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है. मामला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के हनुमानगढ़ी दर्शन के बाद आयोजित एक कार्यक्रम में मछली भोज से जुड़ा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में अजय राय पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह हनुमानगढ़ी में दर्शन करने के बाद बाहर आकर मछली की दावत उड़ाते हैं और फिर राम-राम चिल्लाते हैं. सीएम योगी ने इसे कांग्रेस का दोहरा चरित्र बताते हुए तीखी टिप्पणी की. इसके बाद बीजेपी और सहयोगी दलों के नेताओं ने भी कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया. पंचायती राज मंत्री और SBSP अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि मछली प्याज-लहसुन के साथ पकाई गई थी या बिना इनके. उन्होंने कहा कि बिना प्याज-लहसुन के बनी मछली को वेज माना जा सकता है.
विवाद के बीच निषाद पार्टी के अध्यक्ष और मंत्री संजय निषाद ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि निषाद समाज की परंपरा में मछली का विशेष महत्व है और सवाल उठाया कि निषाद मछली नहीं खाएगा तो क्या खाएगा. अयोध्या में मछली भोज को लेकर संत समाज ने भी नाराजगी जताई. हनुमानगढ़ी के संत देवेशाचार्य महाराज ने इसे सावन और एकादशी जैसे पवित्र अवसर पर अनुचित बताया और इसे सनातन धर्म का अपमान करार दिया. वहीं संत सीताराम दास ने भी कांग्रेस नेताओं पर तीखी टिप्पणी की. इस पूरे विवाद के बीच कार्यक्रम के आयोजक राम निहाल निषाद ने कहा कि संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है, जिसमें सावन के दौरान मछली खाने पर रोक हो.
हालांकि, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मछली खाने के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि अयोध्या में निषाद समाज का कार्यक्रम था और मछली भोज उनकी परंपरा का हिस्सा है, लेकिन उन्होंने खुद वहां मछली नहीं खाई. अजय राय ने आरोप को झूठा बताते हुए कहा कि यदि उनकी मछली खाते हुए तस्वीर सामने आ जाए तो वह उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देंगे. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तस्वीर दिखाने की चुनौती भी दी. अजय राय रविवार को अयोध्या पहुंचे थे, जहां उन्होंने हनुमानगढ़ी में हनुमान चालीसा का पाठ किया और रामलला के दर्शन किए. इसके बाद वह तारुन बाजार में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए, जहां मछली भोज का आयोजन किया गया था.