Back

अरुणाचल प्रदेश में बारिश और बाढ़ का कहर, लैंडस्लाइड में 4 की मौत, सेना के 5 जवान लापता

Brief By Amarujala.com / 2:14 PM on 15 Aug 2026


अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड और अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है. राज्य में शुक्रवार शाम हुई दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सेना के पांच जवान लापता बताए जा रहे हैं. अपर सुबनसिरी जिले में केओजारिंग-ब्याचिंग सड़क निर्माण स्थल पर अचानक भारी मात्रा में मलबा गिरने से कई लोग दब गए. हादसे में टाडू बाकी, ताजी राय, मार्कोश बसुमतारी और बाबुल अली की मौत की सूचना है. अधिकारियों के मुताबिक, बाबुल अली का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी है. मौके पर पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस और SDRF की टीमें राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं.

दूसरी घटना दिबांग वैली जिले में सामने आई, जहां शुक्रवार शाम भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ ने पाशु पानी आर्मी कैंप को अपनी चपेट में ले लिया. बाढ़ का बहाव इतना तेज था कि 5वीं ग्रेनेडियर के दो शेल्टर बह गए. अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ की चपेट में सेना के सात जवान आ गए थे. इनमें से दो जवानों को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन पांच जवान अब भी लापता हैं. लापता जवानों में हवलदार उपेंद्र और जवान कुंदन, विनोद, आदित्य और समुंडा शामिल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद सेना की ओर से बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया है.

जवानों की तलाश के लिए 5वीं ग्रेनेडियर की दो खोज एवं बचाव टीमें घटनास्थल पर तैनात की गई हैं. वहीं अपर सुबनसिरी में लैंडस्लाइड के बाद भी मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है. प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है. लगातार बारिश और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू टीमों को चुनौती का सामना करना पड़ रहा है. दोनों घटनाओं ने राज्य में भारी बारिश के दौरान पैदा होने वाले प्राकृतिक आपदा के खतरे को एक बार फिर सामने ला दिया है. प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

Read more on Amarujala.com