Back

सावन की पहली सोमवारी पर बड़ा हादसा, बागमती नदी में डूबे दो किशोर, तलाश जारी

Brief By Newsbrief / 6:07 PM on 03 Aug 2026


मोतिहारी : बिहार के मोतिहारी जिले में श्रावण मास की पहली सोमवारी पर एक दर्दनाक हादसे ने श्रद्धा के माहौल को मातम में बदल दिया. जलबोझी के लिए बागमती नदी के देवापुर संगम घाट पर स्नान करने उतरे दो किशोर गहरे पानी में डूब गए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

जानकारी के अनुसार, पचपकड़ी थाना क्षेत्र के ललबेगिया गांव निवासी 17 वर्षीय कमलेश कुमार और 17 वर्षीय रौशन कुमार जलाभिषेक के लिए देवापुर संगम घाट पहुंचे थे. स्नान के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी में लापता हो गए. साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय नाविकों ने तत्काल खोजबीन शुरू की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका.

घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी रितेश रंजन सेठ, पचपकड़ी थाना प्रभारी उत्तम कुमार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. प्रशासन ने तत्काल एनडीआरएफ की टीम को बुलाया, जिसने नावों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. देर शाम तक अभियान जारी रहा, लेकिन दोनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया.

हादसे के बाद देवापुर संगम घाट पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु जुट गए. प्रशासन ने बताया कि दोनों किशोरों की तलाश लगातार जारी है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.

Read more on Newsbrief