Brief By Newsbrief / 4:38 PM on 03 Aug 2026
बिहार के नवादा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. कादरीगंज थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर अपने 6 वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप लगा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था. पुलिस इन दावों की भी जांच कर रही है.
बताया जा रहा है कि घटना के समय 6 वर्षीय आजाद कुमार घर में खाना खा रहा था. इसी दौरान आरोपी पिता कथित रूप से उसे घर से बाहर ले गया और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल बच्चे को उसकी मां तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद आरोपी पिता सुधीर कुमार फरार हो गया. परिजनों के अनुसार, मृतक परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनें हैं. बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है.
सूचना मिलते ही कादरीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.