Brief By Newsbrief / 6:09 PM on 01 Aug 2026
भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना का जवाब देते हुए कहा है कि फिल्मों में निभाए गए किरदारों को उनकी निजी सोच और वास्तविक जीवन से जोड़ना गलत है. कंगना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उन्होंने फिल्मों में अलग-अलग किरदार निभाने के लिए मेहनताना लिया था और वे केवल अभिनय का हिस्सा थे. उन्होंने लोगों से अपील की कि फिल्मी किरदारों और किसी कलाकार की व्यक्तिगत विचारधारा के बीच अंतर समझना चाहिए.
दरअसल, हाल ही में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान वायरल हुए कथित अभद्र भाषा वाले वीडियो का विरोध करने के बाद कंगना रनौत सोशल मीडिया पर निशाने पर आ गईं. इसके बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी पुरानी फिल्मों के दृश्य और किरदारों की वीडियो क्लिप साझा कर उनकी आलोचना शुरू कर दी. इन वीडियो के जरिए कंगना के बयानों और उनके फिल्मी किरदारों की तुलना की जा रही है. मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है.
इन पोस्टों पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना रनौत ने स्पष्ट किया कि फिल्मों में निभाए गए किरदार उनकी निजी सोच, विचारधारा या जीवन का प्रतिनिधित्व नहीं करते. उन्होंने कहा कि अभिनय एक पेशा है और कलाकार विभिन्न भूमिकाएं निभाते हैं, जिन्हें उनकी व्यक्तिगत पहचान से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए. कंगना ने लोगों से अपील की कि इस तरह के वीडियो और पोस्ट के जरिए युवाओं को गुमराह न करें. उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई है, जहां कुछ लोग उनके पक्ष में हैं तो कुछ उनकी आलोचना कर रहे हैं.