Back

कटिहार में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

Brief By Newsbrief / 11:42 AM on 01 Aug 2026


कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बखरी स्थित बजरंगबली मंदिर के समीप शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक विपिन कुमार शर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.

मृतक की पहचान समेली प्रखंड के विष्णीचक चांदपुर वार्ड संख्या-11 निवासी स्वर्गीय प्रकाश शर्मा के पुत्र विपिन कुमार शर्मा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, विपिन अपने घर से बाइक पर सवार होकर डूमर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बखरी के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय विपिन ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनके सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई.

सूचना मिलते ही पोठिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है, जबकि फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Read more on Newsbrief