Back

जैसलमेर में दर्दनाक हादसा: ऊंट से टकराई सेना के अधिकारियों की SUV, युवा मेजर की मौत, दो लेफ्टिनेंट घायल

Brief By Newsbrief / 6:04 PM on 31 Jul 2026


राजस्थान के जैसलमेर में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के 30 वर्षीय मेजर हमजा आरिफ की मौत हो गई, जबकि दो लेफ्टिनेंट गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा जैसलमेर शहर से करीब छह किलोमीटर दूर मिलिट्री स्टेशन के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, तीनों अधिकारी अपनी निजी टाटा सफारी एसयूवी से शहर से मिलिट्री स्टेशन लौट रहे थे. इसी दौरान वॉर म्यूजियम के पास अचानक एक ऊंट सड़क पर आ गया. तेज रफ्तार एसयूवी ऊंट से टकरा गई और अनियंत्रित होकर कई बार पलटते हुए करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई. हादसे में ऊंट की भी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही सेना के जवान और अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे तीनों अधिकारियों को बाहर निकालकर तुरंत सैन्य अस्पताल पहुंचाया. इलाज के दौरान मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी मेजर हमजा आरिफ ने दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि उनकी शादी करीब एक महीने पहले ही हुई थी. वहीं, हादसे में घायल लेफ्टिनेंट अभिनव राठौर और लेफ्टिनेंट आयुष्मान गुसाईं का सैन्य अस्पताल में इलाज जारी है. इस घटना से जैसलमेर मिलिट्री स्टेशन में शोक का माहौल है और सेना के अधिकारियों ने दिवंगत मेजर को श्रद्धांजलि दी.

सदर पुलिस स्टेशन के एएसआई जगदीश चारण ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. दुर्घटनाग्रस्त एसयूवी सेना की बाउंड्री वॉल के पास मिली, जबकि मृत ऊंट सड़क किनारे पड़ा था. मेजर हमजा आरिफ के शव को पोस्टमार्टम के लिए जवाहर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. उल्लेखनीय है कि यह वही स्थान है जहां करीब एक वर्ष पहले एक भीषण बस हादसे में 29 यात्रियों की जलकर मौत हो गई थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.

Read more on Newsbrief