Brief By Newsbrief / 5:14 PM on 31 Jul 2026
फरवरी 2020 के दिल्ली दंगों के दौरान इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में अदालत ने आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को उम्रकैद की सजा सुनाई है. इस मामले में ताहिर हुसैन के अलावा नाजिम, कासिम, जावेद और अनस को भी दोषी ठहराया गया है. अदालत ने 13 जुलाई को सभी आरोपियों को हत्या, आपराधिक साजिश और अन्य संबंधित धाराओं के तहत दोषी करार दिया था. इसके बाद सजा पर सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने ताहिर हुसैन समेत सभी दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई.
सजा पर बहस के दौरान अभियोजन पक्ष के विशेष लोक अभियोजक मधुकर पांडे ने अदालत से कहा कि अंकित शर्मा की हत्या पूरी तरह सुनियोजित, बेहद निर्मम और समाज में भय का माहौल पैदा करने वाली थी. अभियोजन पक्ष ने इस मामले को "रेयरेस्ट ऑफ द रेयर" श्रेणी का बताते हुए सभी दोषियों के लिए मृत्युदंड की मांग की थी. उनका तर्क था कि इस तरह के गंभीर अपराध में कठोरतम सजा देकर समाज में कड़ा संदेश देना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके.
वहीं, बचाव पक्ष ने अभियोजन की दलीलों का विरोध करते हुए कहा कि यह मामला "रेयरेस्ट ऑफ द रेयर" की श्रेणी में नहीं आता. बचाव पक्ष ने दोषियों की सामाजिक और पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए अदालत से मृत्युदंड न देने और कम सजा देने की अपील की थी. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने मृत्युदंड की मांग को स्वीकार नहीं किया और सभी दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई. यह मामला फरवरी 2020 के दिल्ली दंगों से जुड़े सबसे चर्चित मामलों में से एक रहा है, जिसमें आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा था.