Brief By Newsbrief / 11:12 AM on 31 Jul 2026
दरभंगा: सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बढ़ाने की चाह में बनाई गई एक रील दरभंगा की एक महिला के लिए बड़ी मुसीबत बन गई. घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव की रहने वाली लाखो देवी ने भोजपुरी गाने पर हाथ में पिस्टल लेकर डांस करते हुए रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की.
वीडियो के सत्यापन में महिला की पहचान होने के बाद एसडीपीओ बिरौल के निर्देश पर घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान पुलिस ने एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और नकदी बरामद की. महिला बरामद हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पुलिस के अनुसार, महिला के खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है. अब यह जांच की जा रही है कि बरामद पिस्टल कहां से लाई गई और इसका इस्तेमाल पहले किन गतिविधियों में हुआ. हथियार की खरीद, सप्लाई और उससे जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है.
एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कानूनन अपराध है. पुलिस ऐसे मामलों पर लगातार नजर रख रही है और अवैध हथियारों के साथ वीडियो पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से कानून का पालन करने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की.