Back

प्राथमिक शिक्षकों को नहीं मिलेगा एएसपी और एमएसीपी का लाभ, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश

Brief By Newsbrief / 11:17 AM on 25 Jul 2026


रांची. झारखंड सरकार ने राज्य के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत प्राथमिक शिक्षकों को एएसपी (Assured Career Progression) और एमएसीपी (Modified Assured Career Progression) का लाभ नहीं देने का निर्णय लिया है. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने शुक्रवार को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया.

यह फैसला झारखंड हाई कोर्ट में किरण कुमारी हेम्ब्रम एवं अन्य बनाम झारखंड सरकार मामले में दिए गए निर्देश के बाद लिया गया है. हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को प्राथमिक शिक्षकों की मांग पर नियमानुसार निर्णय लेने को कहा था. इसके बाद विभाग ने प्राथमिक शिक्षा निदेशक की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति का गठन किया. समिति में विधि विभाग के प्रतिनिधि को भी शामिल किया गया था.

समिति की बैठक 24 जून को आयोजित हुई, जिसमें प्राथमिक शिक्षा प्रोन्नति नियमावली, 1993 के प्रावधानों, वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों तथा संबंधित कानूनी पहलुओं का विस्तृत अध्ययन किया गया. समीक्षा के बाद समिति ने अपनी रिपोर्ट स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को सौंप दी.

विभाग ने समिति की रिपोर्ट और उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की समीक्षा के बाद यह निष्कर्ष निकाला कि प्राथमिक शिक्षकों को एएसपी और एमएसीपी का लाभ दिए जाने का प्रावधान नहीं है. इसी आधार पर विभाग ने स्पष्ट आदेश जारी करते हुए कहा कि राज्य के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत प्राथमिक शिक्षकों को इन दोनों वित्तीय उन्नयन योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा. इस फैसले से राज्य के हजारों प्राथमिक शिक्षक प्रभावित होंगे.

Read more on Newsbrief