Back

बिहार के 19 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी, क्रिकेटर आकाशदीप और मुकेश कुमार बने डीएसपी

Brief By Newsbrief / 2:08 PM on 24 Jul 2026


पटना: बिहार सरकार ने राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बड़ा सम्मान देते हुए 19 खिलाड़ियों को सरकारी नियुक्ति पत्र सौंपे. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने हाथों से नियुक्ति पत्र प्रदान किए. इस दौरान भारतीय क्रिकेटर आकाशदीप और मुकेश कुमार को बिहार सरकार में डीएसपी पद पर नियुक्त किया गया. नियुक्ति पत्र मिलने के बाद दोनों खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और उन्हें सम्मानित भी किया गया.

कार्यक्रम में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जो खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर बिहार का नाम रोशन करेंगे, उन्हें सरकार प्रोत्साहन के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराएगी.उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मान देना सरकार की प्राथमिकता है.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी नियुक्त खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार बिहार में खेलों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने बताया कि पटना का मोइनुल हक स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर तैयार हो रहा है और इसे बीसीसीआई को सौंपा गया है. उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर बिहार का नाम रोशन कर सकें. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि खिलाड़ियों को हरसंभव सहायता भविष्य में भी जारी रहेगी.

Read more on Newsbrief