Brief By Newsbrief / 12:31 PM on 23 Jul 2026
इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. शीर्ष अदालत ने मेघालय सरकार की अपील स्वीकार करते हुए सोनम की जमानत रद्द कर दी और उसे तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है. अदालत ने यह भी कहा कि मामले की सुनवाई छह महीने के भीतर पूरी की जाए. यदि तय समय में ट्रायल पूरा नहीं होता है तो सोनम दोबारा जमानत के लिए आवेदन कर सकती है. यह आदेश उस याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया, जिसमें मेघालय सरकार ने निचली अदालत द्वारा दी गई जमानत को चुनौती दी थी. मामला इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हनीमून के दौरान हुई हत्या से जुड़ा है.
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को सोनम रघुवंशी के वकील के सामने दो विकल्प रखे थे. अदालत ने पूछा था कि क्या सोनम स्वयं सरेंडर करेगी या फिर कोर्ट उसकी जमानत रद्द करने पर फैसला सुनाए. अपने जवाब में सोनम ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसे इस मामले में झूठा फंसाया गया है. उसने दलील दी कि अभियोजन पक्ष का पूरा मामला परिस्थितिजन्य साक्ष्यों पर आधारित है और केवल आरोपों के आधार पर उसे दोषी नहीं ठहराया जा सकता. बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि जमानत मिलने के बाद उसने सभी शर्तों का पालन किया है.
वहीं, मेघालय सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत में कहा कि जमानत आदेश में हुई तकनीकी त्रुटि के आधार पर आरोपी को राहत नहीं मिलनी चाहिए. उन्होंने दलील दी कि दस्तावेज में केवल एक कानूनी धारा का नंबर टाइप करने में गलती हुई थी, जिसे आधार बनाकर जमानत देना उचित नहीं था. साथ ही उन्होंने यह आशंका भी जताई कि यदि जमानत बरकरार रहती है तो सोनम के फरार होने की संभावना है. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने जमानत रद्द करते हुए तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर का आदेश जारी कर दिया.