Brief By Newsbrief / 12:12 PM on 19 Jul 2026
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में देर रात करीब एक बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने कुछ ही घंटों में भीषण बाढ़ का रूप ले लिया. लगातार हुई बारिश के कारण राजौरी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे नदी का पानी बेला कॉलोनी में घुस गया और पूरा इलाका जलमग्न हो गया. अचानक आई बाढ़ से लोगों में अफरा-तफरी मच गई. बेला बस स्टैंड पर खड़ी कई गाड़ियां तेज बहाव में बह गईं, जबकि सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी भर गया. कई घरों में बाढ़ का पानी घुसने से लोगों को रात में ही सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा. प्रशासन ने हालात का जायजा लेने के लिए राहत एवं बचाव दलों को मौके पर भेज दिया है और संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है.
अधिकारियों के अनुसार बेला कॉलोनी में कई परिवार अब भी बाढ़ के पानी के बीच फंसे हुए हैं. राहत टीमों द्वारा लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है. बेला और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मवेशियों के बहने और उनके नुकसान की भी सूचना मिली है. दरहाली नदी में आई बाढ़ ने बेला क्षेत्र में भारी तबाही मचाई है, जिससे स्थानीय पार्क, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है. कई सड़कों और दीवारों को भी क्षति पहुंची है. प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और बिना जरूरत घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है. राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है ताकि प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचाई जा सके.
बाढ़ का असर थन्ना मंडी सब-डिविजन के चुरुंग, राजधानी और बेहरोट क्षेत्रों में भी देखने को मिला है, जहां अचानक आई बाढ़ से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया. अधिकारियों ने बताया कि बेहरोट स्थित एक क्रशर यूनिट में काम कर रहे कई मजदूरों के फंसे होने की सूचना मिली है, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है. जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है. लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने आशंका जताई है कि यदि मौसम में जल्द सुधार नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.