Back

भागलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, हाईवा-पिकअप की भीषण टक्कर में चालक और खलासी की मौके पर मौत

Brief By Newsbrief / 1:26 PM on 18 Jul 2026


भागलपुर जिले के भागलपुर-मुंगेर मिर्जा चौकी फोरलेन पर शनिवार को गनगनियां गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में पिकअप वैन के चालक और खलासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

जानकारी के अनुसार, समस्तीपुर के दलसिंहसराय से परवल और बैंगन लोड कर एक पिकअप वैन भागलपुर की ओर जा रही थी. इसी दौरान गनगनियां रेलवे स्टेशन के पास भागलपुर से मुंगेर की ओर जा रहे एक हाईवा ने सामने से पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक व खलासी वाहन में ही फंस गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को वाहन से बाहर निकाला. मृतकों की पहचान बेगूसराय जिले के मंसूरचक निवासी 25 वर्षीय गुलशन कुमार और खगड़िया जिले के मथुरापुर काली स्थान निवासी 23 वर्षीय सुमन कुमार के रूप में हुई है.

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं फरार हाईवा चालक की तलाश शुरू कर दी गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है.

Read more on Newsbrief