Back

FIH महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम घोषित, सलिमा टेटे को मिली कप्तानी

Brief By Newsbrief / 5:38 PM on 17 Jul 2026


हॉकी इंडिया ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी है. टीम की कप्तानी झारखंड की स्टार खिलाड़ी सलिमा टेटे को सौंपी गई है. मुख्य कोच स्जोर्ड मारिने ने चयनित टीम पर भरोसा जताते हुए कहा कि अनुभव और युवा खिलाड़ियों के संतुलन के दम पर भारत विश्व कप में मजबूत प्रदर्शन करेगा.

एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 का आयोजन 15 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में होगा. भारतीय टीम फिलहाल बेंगलुरु में राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में तैयारी कर रही है. हाल ही में न्यूजीलैंड में खेले गए एफआईएच नेशंस कप में भारत ने सभी मुकाबले जीतकर खिताब अपने नाम किया था, जिससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है.

टीम में गोलकीपर के रूप में सविता और बिचू देवी खरीबाम को जगह मिली है. रक्षा पंक्ति में सुशीला चानू, इशिका चौधरी, लालथांतलुआंगी, ज्योति और शिल्पी डबास शामिल हैं. मिडफील्ड की जिम्मेदारी कप्तान सलिमा टेटे के साथ निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग संभालेंगी. वहीं, फॉरवर्ड लाइन में लालरेमसियामी, नवनीत कौर, दीपिका, रुतुजा पिसाल, इशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग को शामिल किया गया है.

भारत को विश्व कप में पूल-डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है. भारतीय टीम अपने सभी ग्रुप मुकाबले नीदरलैंड के वैगेनर हॉकी स्टेडियम में खेलेगी. टीम 16 अगस्त को चीन, 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी.

Read more on Newsbrief