Back

तेजस्वी पर विजेंद्र यादव का निशाना, बोले- उम्मीदवार छोड़ विदेश चला गया विपक्ष

Brief By Newsbrief / 1:43 PM on 17 Jul 2026


पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और महागठबंधन पर तीखा राजनीतिक हमला बोला. उन्होंने विपक्ष को निष्क्रिय बताते हुए कहा कि ऐसा विपक्ष पहले कभी नहीं देखा, जो अपना उम्मीदवार मैदान में उतारकर विदेश चला जाए. उनका यह बयान तेजस्वी यादव की विदेश यात्रा को लेकर आया.

विजेंद्र यादव ने राज्य का खजाना खाली होने के विपक्ष के आरोपों को भी खारिज किया. उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के पास विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन हैं और सरकार पूरी मजबूती से काम कर रही है. उन्होंने कहा कि जनता के हित में विकास योजनाएं लगातार आगे बढ़ाई जा रही हैं.

राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह राजद का आंतरिक मामला है और इसका जवाब उसी पार्टी को देना चाहिए. ठेकेदारों के भुगतान के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार किसी का भुगतान रोकने के पक्ष में नहीं है. जिन ठेकेदारों ने नियमानुसार काम किया है, उनका बिल तय प्रक्रिया के तहत पास किया जाएगा.

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर विजेंद्र यादव ने एनडीए की जीत का दावा करते हुए कहा कि यह पहले से गठबंधन की सीट रही है और जनता एक बार फिर एनडीए पर भरोसा जताएगी. फर्जी एनकाउंटर के विपक्षी आरोपों पर भी उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष बिना तथ्यों के पुलिस और सरकार पर सवाल उठा रहा है. उन्होंने विपक्ष से आरोप-प्रत्यारोप के बजाय जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करने की अपील की.

Read more on Newsbrief