Back

गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 5 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

Brief By Newsbrief / 11:58 AM on 17 Jul 2026


गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ता (ATS) ने राज्य के विभिन्न जिलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े पांच संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल आबिद शेरा, मोहम्मद अयूब काडीवाल उर्फ मोहम्मद खड़ियासन, मोहम्मद शफी मुखी उर्फ शफी चापी, मोहम्मद हसन क राडिया उर्फ हसन हैदरपुरी और मोहम्मद अयूब सुमासरा उर्फ मोहम्मद खली के रूप में हुई है. ATS इन सभी से पूछताछ कर उनके नेटवर्क, संपर्कों और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है. सुरक्षा एजेंसियां इस कार्रवाई को राज्य में आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही हैं.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए संदिग्धों का संबंध पिछले महीने पकड़े गए आठ संदिग्ध आतंकियों से बताया जा रहा है. जांच एजेंसियों के अनुसार, जैश-ए-मोहम्मद लंबे समय से गुजरात में अपना स्लीपर सेल तैयार करने की कोशिश कर रहा था. ATS अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के संपर्क किन-किन लोगों से थे और क्या वे किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में थे. सुरक्षा एजेंसियां इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही हैं.

गुजरात पहले भी आतंकी गतिविधियों का निशाना बन चुका है. गुजरात दंगों के बाद इंडियन मुजाहिदीन ने अहमदाबाद में सिलसिलेवार बम धमाके किए थे, जिनमें 50 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और 200 से ज्यादा लोग घायल हुए थे. इसी पृष्ठभूमि को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां राज्य में सक्रिय आतंकी नेटवर्क पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. ATS का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसे भी कानून के दायरे में लाया जाएगा.

Read more on Newsbrief