Brief By Newsbrief / 11:52 AM on 16 Jul 2026
सीतामढ़ी/शिवहर. नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब बिहार में भी दिखने लगा है. बागमती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और शिवहर जिले के कई स्थानों पर नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. इससे संभावित बाढ़ का खतरा बढ़ गया है और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है.
प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में माइकिंग के जरिए लोगों को लगातार सतर्क रहने की अपील की है. लोगों से कहा गया है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक रूप से नदी या तटबंध के पास न जाएं. अभिभावकों को विशेष रूप से अपने छोटे बच्चों पर नजर रखने और उन्हें नदी तथा तटबंध के आसपास नहीं जाने देने की सलाह दी गई है.
जिला प्रशासन ने लोगों से तटबंधों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं का पालन करने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि बागमती नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की भी अपील की है.