Brief By Newsbrief / 3:31 PM on 15 Jul 2026
बिहार के बाढ़ अनुमंडल स्थित अथमलगोला थाना में तैनात एएसआई अंजनी कुमार सिंह का तौलिए में फरियादी से बातचीत और दस्तावेज लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई की है. ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने एएसआई को निलंबित कर दिया है.
वायरल वीडियो में एएसआई अर्धनग्न अहैवस्था में एक फरियादी से केस से जुड़े दस्तावेज लेते दिखाई दे रहे हैं, जबकि पास में एक अन्य पुलिसकर्मी वर्दी में मौजूद है. वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं.
एएसआई अंजनी कुमार सिंह ने अपनी सफाई में बताया कि वह शौचालय जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान नालंदा से आए कुछ लोग बरामद मोटरसाइकिल से संबंधित दस्तावेज जमा कराने के लिए उनका नाम पुकार रहे थे. उन्होंने फरियादियों को इंतजार न कराते हुए उसी अवस्था में एफआईआर की कॉपी, वाहन के कागजात और आधार कार्ड प्राप्त कर लिए, जिसके बाद शौचालय चले गए.
उन्होंने आरोप लगाया कि थाना पहुंची एक महिला ने जानबूझकर उनका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया. एएसआई के अनुसार, संबंधित मामला चोरी की बरामद मोटरसाइकिल से जुड़ा था और फरियादियों को उन्होंने स्वयं थाने बुलाया था ताकि उनका काम जल्द पूरा हो सके.
हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.