Brief By Newsbrief / 1:37 PM on 15 Jul 2026
बिहार के नवादा जिले में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. रजौली स्थित समेकित जांच चौकी पर नियमित वाहन जांच के दौरान अधिकारियों को सफेद रंग की महिंद्रा मराज़ो कार पर संदेह हुआ. जब वाहन की गहन तलाशी ली गई तो उसके इंडिकेटर के अंदर बनाए गए गुप्त तहखाने से शराब का बड़ा जखीरा मिला.
उत्पाद विभाग ने कार से ऑफिसर चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की के 180 मिलीलीटर वाले 676 टेट्रा पैक बरामद किए. कुल 121.680 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई. मामले में झारखंड के बोकारो निवासी संजय कुमार साव को गिरफ्तार किया गया है. प्रारंभिक जांच में उसके शराब तस्करी और अवैध परिवहन में शामिल होने की बात सामने आई है. उससे पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.
अधिकारियों के अनुसार, शराब तस्कर बिहार में शराब पहुंचाने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं. इस बार करीब 10 लाख रुपये कीमत की महिंद्रा मराज़ो कार का इस्तेमाल तस्करी के लिए किया गया था, लेकिन जांच चौकी पर तैनात सतर्क टीम ने उनकी योजना विफल कर दी.
उत्पाद विभाग ने बरामद शराब, कार और आरोपी को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. विभाग का कहना है कि बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.