Brief By Newsbrief / 12:30 PM on 14 Jul 2026
बिहार के सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. हरिहरपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या-10 निवासी और आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-339 में कार्यरत सहायिका गीता देवी के बैंक खाते में अचानक 740.68 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई देने लगी. यह बैलेंस देखकर गीता देवी और सीएससी संचालक दोनों हैरान रह गए.
जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई को गीता देवी पैसे निकालने के लिए गांव के कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पहुंचीं. उन्होंने पहले अपने खाते से 2,100 रुपये निकाले. इसके बाद जब खाते का बैलेंस जांचा गया तो स्क्रीन पर 7,40,68,72,895.78 रुपये दिखाई दिए. इतनी बड़ी राशि देखकर गीता देवी घबरा गईं. उन्होंने पहले अपने पति से संपर्क किया, लेकिन उन्होंने इतनी रकम भेजने से इनकार कर दिया.
सीएससी संचालक ने उन्हें तुरंत बैंक को सूचना देने की सलाह दी. कुछ देर बाद दोबारा खाते की जांच करने पर वह फ्रीज दिखाने लगा. इसके बाद 10 हजार रुपये निकालने का प्रयास भी असफल रहा.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि खाते में इतनी बड़ी राशि कैसे दिखाई दी. शुरुआती जांच में इसे बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी, सॉफ्टवेयर त्रुटि या अन्य तकनीकी कारणों से जोड़कर देखा जा रहा है. संबंधित बैंक और विभागीय अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में इस अनोखे मामले की चर्चा तेज हो गई है.