Back

मोतिहारी मौत मामले में CCTV आया सामने, DEO बोले- कर्मचारी ने तुरंत इलाज के लिए भेजा था

Brief By Newsbrief / 12:10 PM on 13 Jul 2026


पूर्वी चंपारण के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय परिसर में शिक्षिका रश्मि स्वराज के पति अरविंद कुमार की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन गिरी ने घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करते हुए कहा कि फुटेज में किसी तरह की धक्का-मुक्की या विवाद की स्थिति नजर नहीं आती.

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, शिक्षिका रश्मि स्वराज अपने पति के साथ कार्यालय पहुंची थीं. वह कार्यालय के अंदर चली गईं, जबकि अरविंद कुमार बाहर एक पेड़ के पास खड़े रहे. कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. वह कुछ कदम आगे बढ़े और जमीन पर गिर पड़े. मौके पर मौजूद कर्मचारियों और लोगों ने तत्काल उनकी मदद की तथा इलाज के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई.

यह घटना 11 जुलाई को हुई थी. घटना के बाद शिक्षिका और शिक्षक संगठनों ने डीईओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और शिक्षा विभाग को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया. वहीं, शिक्षिका रश्मि स्वराज ने भी विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

डीईओ राजन गिरी ने बताया कि शिक्षिका को पिछले एक वर्ष से नियमित वेतन मिल रहा है, लेकिन वर्ष 2021 से लंबित चार वर्षों का एरियर अभी तक जारी नहीं हो सका था. इस संबंध में संबंधित कर्मी से स्पष्टीकरण मांगा गया है और जल्द ही बकाया राशि का भुगतान करने का आश्वासन दिया गया है. फिलहाल मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई जारी है.

Read more on Newsbrief