Brief By Newsbrief / 5:45 PM on 11 Jul 2026
बिहार के भागलपुर जिले में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए शाहकुंड थाना क्षेत्र के हरनथ गांव में संचालित एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में तैयार और अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के उपकरण तथा कई मशीनें बरामद कीं. इस कार्रवाई में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि फैक्ट्री का मुख्य संचालक मोहम्मद रिजवान मौके से फरार हो गया.
सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर शाहकुंड थाना पुलिस, भागलपुर एसटीएफ और पश्चिम बंगाल एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मोहम्मद रिजवान के घर पर छापेमारी की. पुलिस के पहुंचने से पहले मुख्य आरोपी फरार हो गया, लेकिन मौके से मोहम्मद कासिम, मोहम्मद समीम, मोहम्मद मिराज, मोहम्मद मैसर और जब्बार मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों में चार मुंगेर और एक शाहकुंड का निवासी है.
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियार किन लोगों के लिए बनाए जाते थे और उनकी सप्लाई किन जिलों या राज्यों में की जाती थी. फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस पूरे नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके. यह कार्रवाई भागलपुर पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है.