Brief By Newsbrief / 11:05 AM on 11 Jul 2026
बिहार के बाढ़ से कथित पकड़ौआ विवाह का एक मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा बटोरी है. युवक नीतीश कुमार का आरोप है कि वह एक महिला को उसके घर छोड़ने गया था, तभी परिजनों ने उसे पकड़ लिया, बंधक बनाकर रखा और अगले दिन मंदिर में जबरन शादी करा दी. बाद में मामला सिविल कोर्ट पहुंचा, जहां युवक ने कोर्ट मैरिज से इनकार कर दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया.
युवक का दावा है कि वह महिला की छोटी बहन से शादी करना चाहता था, लेकिन परिजनों ने उसकी शादी बड़ी बहन से करवा दी, जो पहले से शादीशुदा, एक बच्चे की मां और तलाकशुदा है. उसने यह भी आरोप लगाया कि महिला उस पर शादी का दबाव बनाती थी और आत्महत्या की धमकी देती थी.
वहीं महिला ने युवक के सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि दोनों के बीच पिछले दो महीने से बातचीत और प्रेम संबंध था. उसका कहना है कि युवक शादी के लिए तैयार था.
दूसरी ओर, महिला के परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक ने शादी के बदले 20 लाख रुपये दहेज की मांग की थी. दहेज नहीं मिलने पर उसने शादी से इनकार कर दिया. घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों पक्षों के दावों में कितनी सच्चाई है.