Brief By Newsbrief / 6:05 PM on 09 Jul 2026
केरल के वायनाड में हुए भीषण भूस्खलन के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है. गुरुवार को मलबे और नदी से तीन और शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है. मृतकों में झारखंड के प्रवासी मजदूर अनमोल डोडराई और बिहार के मोहम्मद इमरान भी शामिल हैं. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के सर्वेक्षणकर्ता अजहरुद्दीन अंसारी और हिमाचल प्रदेश के इंजीनियर राहुल शर्मा की भी इस हादसे में मौत हुई है.
जिला प्रशासन के अनुसार, एक शव भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से जबकि दो अन्य शव पास की नदी से बरामद किए गए. सभी शवों का पोस्टमार्टम व्यिथिरी तालुक अस्पताल में कराया जाएगा और बाद में उन्हें कोझिकोड सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुरक्षित रखा जाएगा. केरल सरकार के मंत्री एपी अनिल कुमार और टी. सिद्दिक ने बताया कि राहत दल जोन-1 और जोन-2 में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं. साथ ही नदी किनारे भी खोज अभियान तेज कर दिया गया है, क्योंकि आशंका है कि कुछ लोग मलबे के साथ बह गए होंगे.
यह हादसा 7 जुलाई को वायनाड और कोझिकोड जिलों को जोड़ने वाली अनाक्कोम्पोयिल-मेप्पाडी सुरंग परियोजना के निर्माण स्थल पर हुए भूस्खलन के दौरान हुआ था. प्रशासन के अनुसार अभी भी दो लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है. हादसे में घायल 10 लोगों में से तीन को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, चार की हालत स्थिर है, जबकि तीन मरीज आईसीयू में भर्ती हैं, जिनमें दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है.