Back

बाल विवाह की आड़ में मानव तस्करी का खुलासा, 35 वर्षीय दूल्हे समेत चार गिरफ्तार

Brief By Newsbrief / 6:00 PM on 09 Jul 2026


पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल में बाल विवाह की आड़ में संचालित मानव तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. गुप्त सूचना के आधार पर थाना पुलिस, रक्सौल प्रशासन, मानव तस्करी रोधी इकाई (AHTU), एसएसबी, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर और अन्य संस्थाओं की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर राजस्थान के चार लोगों को गिरफ्तार किया. इस दौरान 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू कर संरक्षण गृह भेज दिया गया.

जांच में सामने आया कि नाबालिग की शादी राजस्थान के 35 वर्षीय व्यक्ति से कराई जा रही थी. काउंसलिंग के दौरान बच्ची ने बताया कि उसके परिजन पैसे, गहने और अन्य सामान के लालच में उसकी जबरन शादी करा रहे थे. समय रहते संयुक्त टीम की कार्रवाई से बाल विवाह रुक गया और संभावित मानव तस्करी की घटना टल गई.

पुलिस ने दूल्हे समेत चारों आरोपियों के खिलाफ बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 और मानव तस्करी से संबंधित धाराओं के तहत हरैया थाना में प्राथमिकी दर्ज की है. अब पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना के पीछे कोई संगठित अंतरराज्यीय मानव तस्करी गिरोह सक्रिय है या नहीं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इससे पहले भी इसी नेटवर्क के जरिए ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया गया था या नहीं. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Read more on Newsbrief