Brief By Newsbrief / 3:09 PM on 09 Jul 2026
बिहार के लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र स्थित अलीनगर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बुधवार को शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को अपने मिट्टी के घर के अंदर जमीन खोदकर दफना दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस के अनुसार, देर शाम जब महिला काफी देर तक दिखाई नहीं दी तो ग्रामीणों को संदेह हुआ. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति से पूछताछ शुरू की. शुरुआती पूछताछ के दौरान वह पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया और पूरी वारदात स्वीकार कर ली. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घर के अंदर खुदाई करवाई, जहां से महिला का शव बरामद किया गया.
मृतका की पहचान सहोदरी देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति नागेश्वर बिंद उर्फ नागो बिंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग इस जघन्य वारदात से स्तब्ध हैं.