Back

पटना में युवक के कथित अपहरण पर बवाल, सड़क जाम के बीच पहुंचे प्रशांत किशोर

Brief By Newsbrief / 1:40 PM on 08 Jul 2026


बिहार की राजधानी पटना के करबिगाहिया इलाके में एक युवक के कथित अपहरण के विरोध में स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. अपहृत युवक बंटी की अब तक बरामदगी नहीं होने से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने न्यू करबिगाहिया की मुख्य सड़क जाम कर दी. प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आगजनी की, पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और युवक की सुरक्षित बरामदगी की मांग पर अड़े रहे.

सड़क जाम के कारण इलाके में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. बताया जा रहा है कि युवक का कथित अपहरण पटना जंक्शन के पास स्थित करबिगाहिया इलाके से हुआ था. घटना के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी बरामदगी नहीं हो सकी थी.

स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. जक्कनपुर थाना प्रभारी ऋतुराज सिन्हा ने बताया कि पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और जल्द मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और जांच में सहयोग करने की अपील की.

इसी दौरान जनसुराज के संस्थापक और बांकीपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार प्रशांत किशोर भी प्रदर्शन स्थल पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि अपहृत युवक की जल्द व सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है. फिलहाल पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.

Read more on Newsbrief