Brief By Newsbrief / 10:21 AM on 08 Jul 2026
देशभर के वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है. बुधवार को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया. सरकारी तेल कंपनियों ने 26 मई से ईंधन के दाम स्थिर रखे हैं, जिससे आम लोगों के साथ-साथ परिवहन और माल ढुलाई से जुड़े कारोबारियों को भी राहत मिल रही है.
प्रमुख शहरों की बात करें तो रांची में पेट्रोल 105.93 रुपये और डीजल 103.01 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. पटना में पेट्रोल 113.35 रुपये और डीजल 110.47 रुपये प्रति लीटर है. वहीं जमशेदपुर में पेट्रोल 106.07 रुपये और डीजल 103.13 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है. धनबाद में पेट्रोल 105.72 रुपये और डीजल 102.82 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध है.
हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हल्की तेजी देखने को मिल रही है. वैश्विक स्तर पर मांग, आपूर्ति और भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण क्रूड ऑयल के दाम लगातार बदलते रहते हैं. इसके बावजूद फिलहाल भारत में पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है.
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ा उतार-चढ़ाव होता है, तो आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों की समीक्षा की जा सकती है. फिलहाल दाम स्थिर रहने से वाहन चालकों और आम उपभोक्ताओं को राहत मिल रही है.