Back

बिहार सरकार ने कर्मचारियों को दी बड़ी राहत, 9 बैंकों के साथ सैलरी पैकेज एमओयू एक साल के लिए रिन्यू

Brief By Newsbrief / 7:37 PM on 07 Jul 2026


बिहार सरकार ने राज्य के स्थायी और संविदा कर्मचारियों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए सैलरी पैकेज खातों के लिए नौ प्रमुख वाणिज्यिक बैंकों के साथ हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का अगले एक वर्ष के लिए नवीकरण कर दिया है. इस फैसले से राज्य के लाखों कर्मचारियों को पहले की तरह विशेष बैंकिंग और बीमा सुविधाओं का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता रहेगा.

वित्त विभाग के कार्यालय में सचिव (व्यय) रचना पाटिल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में संबंधित बैंकों के महाप्रबंधकों और आंचलिक प्रबंधकों ने नए समझौते पर हस्ताक्षर किए. इससे पहले 7 जुलाई 2025 को किए गए एमओयू की अवधि 6 जुलाई 2026 को समाप्त हो रही थी. कर्मचारियों को सुविधाओं का लाभ लगातार मिलता रहे, इसलिए सरकार ने समय रहते इसे अगले एक वर्ष के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया.

इस सैलरी पैकेज के तहत कर्मचारियों को जीरो बैलेंस सैलरी अकाउंट, निःशुल्क दुर्घटना बीमा, रियायती ब्याज दर पर ऋण, ओवरड्राफ्ट सुविधा समेत कई विशेष बैंकिंग लाभ मिलेंगे. जिन बैंकों के साथ एमओयू का नवीकरण हुआ है, उनमें भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, इंडियन बैंक और यूको बैंक शामिल हैं.

सचिव (व्यय) रचना पाटिल ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शाखाएं कर्मचारियों को समय पर और पारदर्शी तरीके से सुविधाएं उपलब्ध कराएं, ताकि लेनदेन या तकनीकी कारणों से किसी भी कर्मचारी को परेशानी का सामना न करना पड़े.

Read more on Newsbrief