Brief By Newsbrief / 12:04 PM on 07 Jul 2026
गया. गया जंक्शन से दो महीने पहले लापता हुई महिला के मामले में रेल पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. लंबी जांच के बाद पुलिस ने महिला को सकुशल बरामद कर लिया है. पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ मुंबई चली गई थी.
रेल थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव के अनुसार, बरामद महिला मुन्नी कुमारी अपने पति अंशु कुमार के साथ सीएलसी (लिविंग सर्टिफिकेट) लेने गया आई थी. दोनों दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस से गया जंक्शन पहुंचे थे. स्टेशन पर उतरने के बाद वे डेल्हा साइड स्थित विश्रामालय में रुके थे. इसी दौरान महिला शौचालय जाने की बात कहकर वहां से निकली और वापस नहीं लौटी.
काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो पति ने रेल थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस और आरपीएफ ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में महिला अकेले स्टेशन से बाहर जाती दिखाई दी. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई.
जांच में पता चला कि महिला अपने प्रेमी के साथ मुंबई चली गई थी. प्रेमी गया जिले के कोच थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है. बाद में महिला के गया शहर के काशीनाथ मोड़ इलाके में होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने उसे बरामद कर लिया.
फिलहाल महिला का बयान दर्ज किया जा रहा है और पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.