Back

JDU कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार, जनसुनवाई का लिया जायजा, नेताओं को दिए अहम निर्देश

Brief By Newsbrief / 2:37 PM on 06 Jul 2026


बिहार की राजधानी पटना स्थित जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय में सोमवार को उस समय हलचल बढ़ गई, जब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अचानक वहां पहुंच गए. उस समय कार्यालय में आम लोगों की समस्याएं सुनने के लिए जनसुनवाई कार्यक्रम चल रहा था. उनके अचानक पहुंचने से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया.

कार्यालय पहुंचने के बाद नीतीश कुमार ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से बातचीत कर कार्यालय के बेहतर उपयोग और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत बनाने पर चर्चा की. इसके बाद वह जनसुनवाई कक्ष पहुंचे, जहां कुछ देर रुककर कार्यक्रम की कार्यप्रणाली देखी और अधिकारियों व नेताओं से लोगों की शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी ली.

नीतीश कुमार ने जनसुनवाई कार्यक्रम को नियमित, व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा से भी बातचीत की और कहा, "जब हम यहां बनवाएं हैं तो यहां बैठकर मीटिंग कीजिए." उनके इस बयान को पार्टी कार्यालय का अधिक उपयोग करने और संगठन की गतिविधियों को यहीं से संचालित करने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है.

हालांकि, उनके इस दौरे की पहले से कोई आधिकारिक सूचना नहीं थी. इसलिए अचानक हुए इस निरीक्षण की चर्चा पूरे दिन राजनीतिक गलियारों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच होती रही. निरीक्षण के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे. कार्यक्रम का जायजा लेने के बाद नीतीश कुमार कार्यालय से रवाना हो गए. उनके इस दौरे को जेडीयू संगठन को और अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है.

Read more on Newsbrief