Back

खामेनेई के अंतिम संस्कार के बीच ट्रंप की ईरान को खुली चेतावनी, बोले- एक गोली से खत्म कर सकते हैं नेतृत्व

Brief By Newsbrief / 1:05 PM on 05 Jul 2026


ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर तीखा बयान दिया है. ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका चाहे तो सिर्फ "एक गोली" से ईरान के बचे हुए पूरे नेतृत्व को खत्म कर सकता है, लेकिन ऐसा नहीं करेगा क्योंकि फिर बातचीत के लिए कोई नहीं बचेगा. उन्होंने यह भी कहा कि ईरानी नेतृत्व अब समझौते के लिए बेताब है.

ट्रंप ने अंतिम संस्कार के दौरान उमड़ी भीड़ और लोगों के शोक पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि उन्हें लगा था कि लोग खामेनेई से नफरत करते हैं, इसलिए अंतिम संस्कार में रोते लोगों को देखकर उन्हें आश्चर्य हुआ और हो सकता है कि यह "नकली आंसू" हों. ट्रंप ने यह भी दावा किया कि दोनों पक्षों ने अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने तक एक सप्ताह के लिए वार्ता और सैन्य कार्रवाई स्थगित करने पर सहमति बनाई है. इस दौरान कोई भी पक्ष एक-दूसरे पर हमला नहीं करेगा. अंतिम संस्कार में भारत समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं. ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी शोक समारोह में भावुक नजर आए.

ईरान ने 4 जुलाई से शुरू हुए अंतिम संस्कार कार्यक्रम को 9 जुलाई तक आयोजित करने का फैसला किया है. इस दौरान तेहरान, पवित्र शहर क़ोम और अंत में मशहद में धार्मिक अनुष्ठान और दफन की रस्में पूरी की जाएंगी. लाखों लोग खामेनेई को अंतिम विदाई देने के लिए सड़कों पर उमड़ रहे हैं. वहीं, ट्रंप ने दोहराया कि अमेरिका ने ईरान को अंतिम संस्कार के लिए "एक सप्ताह की छुट्टी" दी है. उन्होंने कहा कि हालिया घटनाओं के बाद ईरान समझौता करना चाहता है, हालांकि इन दावों की ईरान की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

Read more on Newsbrief