Back

मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े मर्डर, मंदिर में पूजा करने पहुंचे प्रॉपर्टी डीलर को गोलियों से भूना

Brief By Newsbrief / 10:51 AM on 04 Jul 2026


बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े हत्या की वारदात को अंजाम दिया. सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक स्थित मंदिर में पूजा करने पहुंचे किताब व्यवसायी और प्रॉपर्टी डीलर श्याम कुमार कुशवाहा उर्फ श्याम सुंदर प्रसाद की बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, श्याम कुमार रोज की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर बेहद करीब से कई राउंड फायरिंग कर दी. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े. गोलीबारी की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया. हत्या की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

सूचना मिलने पर सिवाईपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि श्याम कुमार को दो गोलियां लगी थीं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जमीन के कारोबार व आपसी रंजिश के एंगल से मामले की जांच कर रही है. फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

Read more on Newsbrief