Back

दारू पार्टी बनी मौत की वजह. दोस्तों के साथ गए युवक की गोली मारकर हत्या

Brief By Newsbrief / 12:16 PM on 02 Jul 2026


पटना: बिहार की राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र में दोस्तों के साथ दारू पार्टी करने गए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात नया टोला स्थित औद्योगिक क्षेत्र मोड़ के पास हुई। मृतक की पहचान दरियापुर नया टोला निवासी श्रवण पासवान के पुत्र नवीन कुमार के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ा रहा। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पारस अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

जानकारी के अनुसार, नवीन पढ़ाई करता था और उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। बुधवार रात वह अपने कुछ दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था। इसी दौरान शराब पार्टी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उस पर गोली चला दी गई। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और वे हत्या की वजह जानने की मांग कर रहे हैं.

फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस शुरुआती जांच में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद को घटना का कारण मान रही है, लेकिन पुरानी रंजिश सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फतुहा के एसडीपीओ-1 अवधेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है.

Read more on Newsbrief