Brief By Newsbrief / 11:16 AM on 02 Jul 2026
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र स्थित सिसवा पूर्वी गांव में शादीशुदा प्रेमी-प्रेमिका का मिलना दोनों पर भारी पड़ गया. ग्रामीणों ने दोनों को कथित तौर पर रंगे हाथ पकड़ लिया, जिसके बाद उनकी बेरहमी से पिटाई की गई. इतना ही नहीं, दोनों का सिर मुंडवाकर जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई और पूरे गांव में घुमाया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर पर थी. इसी दौरान उसका प्रेमी उससे मिलने पहुंचा. घर में प्रवेश करते समय कुछ ग्रामीणों ने उसे देख लिया और दोनों को पकड़ लिया. देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और दोनों के साथ मारपीट की गई. अगले दिन ग्रामीणों ने दोनों का सिर मुंडवाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया.
सूचना मिलने पर गांव के सरपंच पति महेंद्र यादव ने डायल 112 पुलिस को खबर दी. पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अपने साथ थाने ले गई. ग्रामीणों का दावा है कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और परिवारों के बीच आना-जाना होने के कारण उनके बीच प्रेम संबंध विकसित हुआ था.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मारपीट, सार्वजनिक अपमान और जबरन सिर मुंडवाने जैसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी. भले ही दोनों के संबंधों को लेकर विवाद हो, लेकिन कानून अपने हाथ में लेकर किसी को सार्वजनिक रूप से अपमानित करना और हिंसा करना भी अपराध की श्रेणी में आता है.