Brief By Newsbrief / 3:55 PM on 01 Jul 2026
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बुधवार को अपना 30वां स्थापना दिवस उत्साह और जोश के साथ मनाया. इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पटना स्थित प्रदेश कार्यालय पहुंचे. कार्यक्रम में शामिल होने से पहले वीरचंद पटेल पथ पर भारी ट्रैफिक जाम के कारण लालू प्रसाद यादव का काफिला कुछ देर तक फंसा रहा, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने समारोह में पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.
अपने संबोधन में लालू प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा, "सब लोग एक होकर पार्टी को मजबूत कीजिए. हम लड़ रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे." उनके संबोधन पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों और तालियों के साथ समर्थन जताया.
लालू ने कहा कि राजद हमेशा गरीबों, पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्गों की आवाज उठाने वाली पार्टी रही है और आगे भी जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की अपील की.
इस दौरान तेजस्वी यादव ने भी आगामी चुनावों के मद्देनजर कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया. स्थापना दिवस समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, विधायक, सांसद और कार्यकर्ता शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान राजद की उपलब्धियों के साथ भविष्य की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई.