Back

मोकामा में सनसनी. गोशाला में सो रहे बुजुर्ग किसान की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Brief By Newsbrief / 11:22 AM on 01 Jul 2026


पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र के मोर पोखर गांव में एक बुजुर्ग किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 65 वर्षीय भुखन यादव के रूप में हुई है. वारदात देर रात उस समय हुई, जब वह गांव में आयोजित एक श्राद्ध भोज से लौटने के बाद रोज की तरह अपने गोशाला में सोने गए थे. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात बदमाश गोशाला में पहुंचे और भुखन यादव की कनपटी तथा सिर में दो गोलियां मार दीं. गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. सुबह परिजन उन्हें जगाने पहुंचे तो घटना का पता चला. इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई.

घटना की जानकारी मिलते ही मोकामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल, श्वान दस्ता और तकनीकी टीम को भी बुलाया गया. बाढ़ के एसडीपीओ राम कृष्णा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की निगरानी कर रहे हैं.

पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. प्रारंभिक जांच में किसी पुरानी रंजिश या विवाद की पुष्टि नहीं हुई है. मृतक के पुत्र विकास यादव ने बताया कि उनके पिता का किसी से कोई विवाद नहीं था और परिवार इस घटना से स्तब्ध है. पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है तथा अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है.

Read more on Newsbrief