Brief By Newsbrief / 5:34 PM on 30 Jun 2026
बिहार के सीतामढ़ी जिले में पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले में नामजद आरोपी पति की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई. डुमरा थाना क्षेत्र के आज़मगढ़ में मंगलवार को रवि कुमार का शव पेड़ से लटका मिला. घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
जानकारी के अनुसार, सात दिन पहले रवि कुमार की पत्नी की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी. इस मामले में मृतका के मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए रवि और उसके परिजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी. बताया जा रहा है कि रवि मंगलवार को इसी मामले में कोर्ट में सरेंडर करने वाला था, लेकिन उससे पहले ही उसका शव पेड़ से लटका मिला.
घटना की सूचना मिलते ही डुमरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. रवि के परिजनों ने आत्महत्या की आशंका से इनकार करते हुए आरोप लगाया है कि उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके. उन्होंने मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है.
वहीं, डुमरा थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.