Back

100 दिनों की सरकार का दावा, बाढ़-सूखे से निपटने की पूरी तैयारी : विजय चौधरी

Brief By Newsbrief / 3:45 PM on 30 Jun 2026


पटना : बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि सरकार ने अपने पहले 100 दिनों में विकास कार्यों को गति दी है और जनता के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास किया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर राज्य के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को आगे बढ़ाया गया है.

विजय चौधरी ने कहा कि सरकार ने बाढ़ और संभावित सूखे, दोनों से निपटने की व्यापक तैयारी कर ली है. उन्होंने बताया कि बिहार में स्थानीय बारिश के अलावा नेपाल और झारखंड में होने वाली वर्षा का भी सीधा असर पड़ता है. उत्तर बिहार में घाघरा, गंडक, कोसी और महानंदा जैसी नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा रहता है, जबकि दक्षिण बिहार में झारखंड की बारिश का प्रभाव देखने को मिलता है.

उन्होंने कहा कि संवेदनशील तटबंधों को मजबूत किया गया है और आपातकालीन सामग्री पहले से उपलब्ध करा दी गई है. कम बारिश की स्थिति में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके, इसके लिए अतिरिक्त पानी को जलाशयों में संग्रहित करने की योजना पर काम किया जा रहा है.

गाद (सिल्ट) की समस्या पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की राष्ट्रीय गाद प्रबंधन नीति अंतिम चरण में है. इसके लागू होने से बिहार में बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई व्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा. भ्रष्टाचार के आरोपों पर उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और यदि किसी के पास ठोस सबूत हैं तो जांच कराने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है. साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के विकास को प्राथमिकता देते हुए हरसंभव आर्थिक सहयोग दे रही है.

Read more on Newsbrief