Back

भारत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामला: CBI जांच की मांग पर सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार

Brief By Newsbrief / 2:35 PM on 30 Jun 2026


पटना: भोजपुर जिले में 17 जून को हुए भारत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में सुप्रीम कोर्ट ने CBI जांच की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया है. मंगलवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने याचिकाकर्ता को संबंधित हाई कोर्ट में याचिका दायर करने की सलाह दी. यह जनहित याचिका सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विशाल तिवारी ने 21 जून को दायर की थी.

याचिका में एनकाउंटर को कथित तौर पर फर्जी बताते हुए मामले की CBI से जांच कराने, इसमें शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज करने और सुप्रीम कोर्ट के किसी सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में स्वतंत्र जांच समिति गठित करने की मांग की गई थी.

मामले का उल्लेख न्यायमूर्ति बी.वी. नागरत्ना और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की खंडपीठ के समक्ष किया गया. सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से इसे मौलिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए सुप्रीम कोर्ट से हस्तक्षेप की मांग की गई. इस पर अदालत ने पूछा कि संबंधित हाई कोर्ट का रुख करने के बजाय सीधे सुप्रीम कोर्ट क्यों आए. साथ ही याचिकाकर्ता की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए.

अदालत ने अंततः इस याचिका पर सुनवाई से इनकार करते हुए हाई कोर्ट जाने का विकल्प खुला रखा. गौरतलब है कि 17 जून को भोजपुर में हुए इस एनकाउंटर को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. परिजन निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, जबकि मामले की जांच को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई जारी है.

Read more on Newsbrief