Brief By Newsbrief / 2:20 PM on 30 Jun 2026
बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड स्थित जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. यह मामला चकसिंगार पंचायत के लंका टोला गांव का है. शव मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही जुड़ावनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर भेज दिया है. मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. शव करीब 75 प्रतिशत तक जला हुआ होने के कारण पहचान करने में काफी कठिनाई हो रही है. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान का प्रयास कर रही है.
प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को घटनास्थल पर लाकर जलाया गया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें. स्थानीय लोगों ने भी इसी तरह की आशंका जताई है. मृतक की उम्र लगभग 15 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है.
जुड़ावनपुर थाना अध्यक्ष अभिषेक पांडे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है. घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है.