Brief By Newsbrief / 1:10 PM on 30 Jun 2026
पटना : बिहार एसटीएफ ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के कुख्यात अपराधियों में शामिल पांडव सेना के सरगना संजय सिंह को पटना रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है. वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था. संजय सिंह पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के नीमा गांव का रहने वाला है.
एसटीएफ के अनुसार, संजय सिंह पर बिहार समेत अन्य राज्यों में हत्या, रंगदारी, नरसंहार, रंगदारी के लिए हत्या, अवैध खनन, भू-माफिया गतिविधियों और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई गंभीर मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं. इसके अलावा वह बिहटा थाना कांड में एके-47 बरामदगी मामले में भी फरार चल रहा था.
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 1996 से 2025 के बीच संजय सिंह के खिलाफ पटना, जहानाबाद, भागलपुर, हजारीबाग, रांची समेत बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें हत्या, हत्या की साजिश, अपहरण, रंगदारी, अवैध हथियार रखने, आर्म्स एक्ट के उल्लंघन और अन्य संगीन अपराध शामिल हैं.
एसटीएफ की इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है. पुलिस अब संजय सिंह से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, सहयोगियों और अन्य मामलों में जानकारी जुटाने में लगी है. अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से कई लंबित मामलों के खुलासे में मदद मिल सकती है.