Brief By Newsbrief / 4:25 PM on 29 Jun 2026
पटना : बिहार की राजधानी पटना स्थित 5 देशरत्न मार्ग में गृह प्रवेश के बाद निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि नए आवास में विधिवत गृह प्रवेश किया गया. इस अवसर पर सत्यनारायण भगवान की पूजा-अर्चना हुई, जिसमें परिवार के सभी सदस्य शामिल हुए. उन्होंने बताया कि उनके पिता भी पूजा में मौजूद रहे और पूरे परिवार ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया.
निशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य निवास 7 सर्कुलर रोड ही रहेगा. हालांकि 5 देशरत्न मार्ग पर भी उनका नियमित आना-जाना रहेगा और यहां से कार्यालय का संचालन भी किया जाएगा, ताकि सरकारी और जनसंबंधी कार्य पहले की तरह सुचारु रूप से चलते रहें.
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने कहा कि बिहार के सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेगा. उनका उद्देश्य अस्पतालों में इलाज की गुणवत्ता सुधारना और यह सुनिश्चित करना है कि मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें.
उन्होंने कहा कि डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और अस्पताल प्रशासन को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए, ताकि मरीजों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. निशांत कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. अस्पतालों की नियमित समीक्षा की जाएगी और जहां भी कमियां मिलेंगी, उन्हें दूर करने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने भरोसा जताया कि सतत निगरानी और निरीक्षण से स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार होगा तथा आम जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा.