Back

पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पर नई सुविधाओं का उद्घाटन, पप्पू यादव ने स्वास्थ्य व्यवस्था और एनकाउंटर पर सरकार को घेरा

Brief By Newsbrief / 7:04 PM on 27 Jun 2026


पूर्णिया : पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन परिसर में शनिवार को एटीएम टिकट मशीन और महिला एवं पुरुष प्रतीक्षालय का उद्घाटन सांसद पप्पू यादव ने किया. उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था, मेडिकल कॉलेजों में कथित भ्रष्टाचार और हाल के एनकाउंटर मामलों को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला.

पप्पू यादव ने स्वास्थ्य मंत्री द्वारा पीएमसीएच के अधीक्षक पर की गई कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे सही दिशा में उठाया गया कदम बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के अधिकांश मेडिकल कॉलेजों के प्रिंसिपल और अधीक्षक भ्रष्टाचार में लिप्त हैं. ऐसे अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई किए बिना स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है.

उन्होंने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे अधिकारियों के समर्थन में किसी संस्था का खड़ा होना दुर्भाग्यपूर्ण है. उनका कहना था कि स्वास्थ्य व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है.

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले का जिक्र करते हुए पप्पू यादव ने उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार समेत कई राज्यों में जातिगत आधार पर कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि राज्य में हुए सभी एनकाउंटर मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आए और यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो दोषियों पर उचित कार्रवाई की जा सके.

उन्होंने कहा कि कानून का राज तभी मजबूत होगा, जब हर कार्रवाई पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और न्यायसंगत होगी.

Read more on Newsbrief