Brief By Newsbrief / 12:13 PM on 27 Jun 2026
मोतिहारी : बिहार के मोतिहारी जिले से कथित तौर पर भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने का मामला सामने आया है. पताही थाना क्षेत्र के परसौनी कपूर गांव में चोरी के शक में एक युवक को पकड़कर उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए गए और उसके साथ मारपीट की गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
जानकारी के अनुसार, युवक शुभम कुमार पर देर रात एक घर में चोरी की नीयत से घुसने का आरोप लगाया गया. ग्रामीणों का कहना है कि उसे मौके पर पकड़ लिया गया. आरोप है कि पुलिस को सूचना देने के बजाय कुछ लोगों ने युवक को बांधकर उसकी पिटाई कर दी. वायरल वीडियो में युवक जमीन पर पड़ा दिखाई दे रहा है और कुछ लोग उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं.
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है. पकड़ीदयाल के डीएसपी कुमार चंदन ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पताही थाना को जांच के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है. यदि किसी पर चोरी का आरोप है तो उसे पुलिस के हवाले करना चाहिए.
पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर रही है. दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.