Brief By Newsbrief / 11:57 AM on 27 Jun 2026
पटना : बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले लाखों अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष तैयारी की है. दानापुर मंडल ने 27 और 28 जून को कुल 13 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है. इसका उद्देश्य परीक्षा के दौरान होने वाली अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करना और परीक्षार्थियों को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है.
दानापुर मंडल के सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि 27 जून को छह स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. इनमें पाटलिपुत्र–सहरसा, पटना–भभुआ, पटना–बेतिया, पाटलिपुत्र–पूर्णिया कोर्ट, दानापुर–अररिया और पटना–सीवान स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं. इन ट्रेनों से उत्तर और पूर्व बिहार के विभिन्न जिलों के अभ्यर्थियों को सीधा लाभ मिलेगा.
वहीं, 28 जून को सात विशेष ट्रेनों का संचालन होगा. इनमें बख्तियारपुर–राजगीर, किऊल–गया, राजगीर–बख्तियारपुर, नवादा–झाझा, बक्सर–दानापुर, झाझा–पटना और गया–किऊल स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं. रेलवे प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपनी ट्रेन, समय और परीक्षा केंद्र की जानकारी पहले से सुनिश्चित कर लें तथा निर्धारित समय से पहले स्टेशन पहुंचें.
रेलवे का मानना है कि इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से परीक्षा के दौरान यात्रियों की भीड़ कम होगी और अभ्यर्थियों को बिना परेशानी अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी.